ताजा खबर

नाबालिग से गैंगरेप, 8 हिरासत में
21-Feb-2026 4:58 PM
नाबालिग से गैंगरेप, 8 हिरासत में

गाँव में बैठक, लेन देन कर मामले को रफा-दफा करने की हुई थी कोशिश

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 21 फरवरी।
जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से  गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। खबर है कि मामले में 8 युवकों को हिरासत में लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़ता अपने रिश्तेदार के घर से अपनी बड़ी बहन के साथ वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पिकनिक मनाकर लौट रहे कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दो युवकों ने जबरन दोनों को पकड़ लिया। घटना के दौरान नाबालिग पीडि़ता की दीदी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागने में सफल रही, जबकि नाबालिग को आरोपियों ने निशाना बनाते हुए सामूहिक बलात्कार किया।

बताया जा रहा है कि 17 फरवरी को आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद गांव में बैठक कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश भी की गई थी। बाद में समाज के जागरुक समाज सेवियों की मदद से मामला पुलिस तक पहुंचा।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नारायणपुर थाना में तत्काल एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरु की गई। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
             पुलिस ने पीडि़ता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर जांच प्रारंभ कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। वहीं नाबालिग का साथ देने वालों पर आरोपी पक्ष द्वारा लगातार धमकी देकर दबाव बनाने का प्रयास किये जाने की खबर सामने आ रही है।

एडिशनल एसपी राकेश  पाटनवार ने बताया कि मामले में नारायणपुर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरु कर दी है। नारायणपुर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध 137,87,96,64, 65(1),70(1),70(2),127(2)351(2) व पॉक्सो एक्ट की धारा 5,6 के तहत एफआईआर दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट