ताजा खबर
सराफा कारोबारी से 50 लाख की लूट, बाइक सवार नकाबपोश फरार
बिलासपुर, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारियों पर बदमाशों की नजर लगातार बनी हुई है। तीन दिन के भीतर दूसरी बड़ी लूट की घटना ने व्यापारियों में दहशत फैला दी है। इस बार सीपत थाना क्षेत्र में स्थित रमेश ज्वेलर्स के संचालक से करीब 50 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी और नकदी से भरा बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी विनय सोनी खम्हरिया बस स्टैंड के पास ज्वेलरी की दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे।
उन्होंने सोने-चांदी के जेवर और कैश को तीन अलग-अलग बैग में रखा और शटर गिराकर ताला लगाने लगे।
इसी दौरान सीपत की ओर से बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। एक युवक तेजी से उतरा, जमीन पर रखा बैग उठाया और दौड़कर बाइक पर बैठ गया। कुछ ही सेकंड में तीनों मौके से भाग निकले। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग संभल भी नहीं सके।
पीड़ित व्यापारी और सराफा एसोसिएशन का दावा है कि बैग में करीब 60 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी और नकदी सहित 50 लाख रुपए से अधिक का सामान था।
हालांकि थाना प्रभारी के अनुसार व्यापारी ने 50 ग्राम सोना, 6 किलो चांदी और कुछ नकदी होने की जानकारी दी है। पुलिस वास्तविक नुकसान का आकलन कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सीपत टीआई राजेश मिश्रा, एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल, एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण कई कच्चे रास्तों पर कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे जांच में परेशानी आ रही है। शहर के कुछ कैमरों में बाइक दिखाई दी है, लेकिन नंबर साफ नहीं दिख रहा।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही सरकंडा के राजकिशोर नगर में एक सराफा व्यापारी से 3.35 करोड़ रुपए की लूट हुई थी। उस मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश में शॉर्ट एनकाउंटर में घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी है।
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि संभावित सभी मार्गों पर टीम भेजी गई है। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।


