ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ से हवाई सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। 29 मार्च से एलायंस एयर इंडिया अंबिकापुर–बिलासपुर–दिल्ली रूट पर एटीआर-72 विमान चलाने जा रही है। कंपनी ने इसका टाइम टेबल भी जारी कर दिया है। यह सेवा हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को उपलब्ध रहेगी।
यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि पहले फ्लाईबिग की 19 सीटर छोटी विमान सेवा रायपुर-बिलासपुर-अंबिकापुर रूट पर शुरू हुई थी, लेकिन अनुबंध खत्म होने के बाद वह बंद हो गई। अब बड़े विमान की मंजूरी मिलना यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है।
एटीआर-72 एक मध्यम आकार का विमान है, जिसमें लगभग 70 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होती है। इससे ज्यादा लोगों को सीधी उड़ान का फायदा मिलेगा। खासकर अंबिकापुर और सरगुजा अंचल के यात्रियों को अब दिल्ली जाने के लिए लंबा सड़क सफर नहीं करना पड़ेगा।
बिलासपुर के यात्रियों को भी कनेक्टिंग सुविधा का लाभ मिलेगा।
जारी शेड्यूल के मुताबिक फ्लाइट 96613 सुबह 7:50 बजे दिल्ली से रवाना होकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद यही फ्लाइट 10:50 बजे बिलासपुर से उड़ान भरकर 11:40 बजे अंबिकापुर (मां महामाया एयरपोर्ट) पहुंचेगी।
वापसी में फ्लाइट 91714 दोपहर 12:05 बजे अंबिकापुर से उड़ान भरकर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
दूसरे शेड्यूल में फ्लाइट 91713 सुबह 7:50 बजे दिल्ली से अंबिकापुर के लिए रवाना होगी और 10:25 बजे पहुंचेगी। फ्लाइट 91614 सुबह 10:50 बजे अंबिकापुर से बिलासपुर आएगी और 11:40 बजे पहुंचेगी। फिर यही विमान दोपहर 12:05 बजे बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा और 2:50 बजे राजधानी पहुंचेगा।
हवाई सेवा की इस नई कड़ी से उत्तर छत्तीसगढ़ का संपर्क राष्ट्रीय राजधानी से और मजबूत होगा। कारोबार, शिक्षा, इलाज और सरकारी काम से दिल्ली जाने वालों को सीधी सुविधा मिलेगी। बिलासपुर और अंबिकापुर दोनों शहरों के लिए यह उड़ान सेवा नए अवसर लेकर आएगी।


