ताजा खबर
रायपुर, 20 फरवरी। सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने जेल में सामूहिक आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के रिक्त 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के आमरण अनशन का आज 59वां दिन है। दो दिनों पहले 18 फरवरी को अंगारों में चलकर प्रदर्शन करने पर पुलिस ने अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया था। 18 फरवरी की शाम से जेल में ही 45 महिला और 80 पुरुष डीएड अभ्यर्थियों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उनसे मुलाकात करने शाम को जेल पहुंचे अभ्यर्थियों ने मीडिया को बताया कि कुछ साथियों से जेल जाकर मुलाकात में यह जानकारी मिली, जिसमें अभ्यर्थियों की शारीरिक और मानसिक स्थिति बिगड़ने की बात कही जा रही है।
अभ्यर्थियों ने सहायक शिक्षक भर्ती के 2300 रिक्त पदों पर न्यायालय के आदेशों का तत्काल पालन कर पात्र डीएड अभ्यर्थियों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है अन्यथा सभी डीएड अभ्यर्थियों ने परिवार के साथ सामूहिक गिरफ्तारी देकर जेल भरो आंदोलन करते हुए जेल में ही आमरण अनशन की चेतावनी दी है।


