ताजा खबर

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत की छवि खराब करने के इरादे से एआई सम्मेलन में प्रदर्शन किया: भाजपा
20-Feb-2026 8:46 PM
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत की छवि खराब करने के इरादे से एआई सम्मेलन में प्रदर्शन किया: भाजपा

नयी दिल्ली, 20 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं की ओर से ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के दौरान किए गए विरोध-प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार को विपक्षी दल पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए आयोजन स्थल पर “हंगामा” किया।

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एआई शिखर सम्मेलन में विरोध-प्रदर्शन कर रहे करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस विरोध-प्रदर्शन ने कांग्रेस के “अहंकार और हताशा को उजागर कर दिया है।” उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को निशाना बनाने के लिए भारत को “अपमानित” करना “विरोध जताने का उनका तरीका” है।

गोयल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “एक तरफ जहां आप (राहुल गांधी) हालिया व्यापार समझौतों के बारे में झूठ फैलाकर भारत के विकास को रोकना चाहते हैं, वहीं दूसरी ओर आपके कार्यकर्ता प्रतिष्ठित एआई शिखर सम्मेलन में बिना कमीज के मार्च कर रहे हैं और वैश्विक स्तर पर 140 करोड़ भारतीयों को शर्मिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं।”

उन्होंने लिखा, “विरोध की यह रणनीति केवल भारत के लिए आपकी (राहुल गांधी) और आपकी पार्टी की दूरदर्शिता की कमी को उजागर करती है।”

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने भी विरोध-प्रदर्शन को लेकर राहुल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “कम अक्ल वाले अपरिपक्व” कांग्रेस नेता के समर्थकों को शिखर सम्मेलन में अपनी कमीजें उतारकर मार्च करते देखना कोई आश्चर्य की बात नहीं है।

शेखावत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “याद रखिए, जब उनके कम अक्ल वाले अपरिपक्व नेता राहुल गांधी एक शव के सामने हंसते हैं और सार्वजनिक रूप से अपने ही पार्टी के अध्यक्ष की पीठ पर नाक पोंछते हैं, तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि उनके समर्थक एआई शिखर सम्मेलन में अपनी कमीजें उतारकर अश्लील तरीके से मार्च करते हैं।”

उन्होंने लिखा, “नेतृत्व मानक तय करता है और यह वही चीज है, जिस पर कार्यकर्ता अमल करते हैं।”

भाजपा नेता अमित मालवीय ने कहा, “ऐसे समय में जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जो इस प्रौद्योगिकी में उसके नवाचार और नेतृत्व को प्रदर्शित करता है, कांग्रेस पार्टी ने गरिमा के बजाय व्यवधान को चुना।”

मालवीय ने आयोजन स्थल पर अपनी कमीज उतारकर हंगामा करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आलोचना करते हुए कहा कि यह कृत्य “स्पष्ट रूप से भारत को विश्व मंच पर शर्मिंदा करने के लिए किया गया था।”

उन्होंने कहा कि जब देश खुद को वैश्विक प्रौद्योगिकी महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहा है, तब इस तरह का आचरण केवल उन लोगों के हितों की पूर्ति करता है, जो भारत को डगमगाते हुए देखना चाहते हैं।

मालवीय ने कहा, “राजनीतिक विरोध करना एक लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। भारत इससे बेहतर पाने का हकदार है।”

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कांग्रेस पार्टी पर शर्म आती है। कांग्रेस ‘शहरी नक्सलियों’ की तरह व्यवहार करती है। कांग्रेस भारत-विरोधी पार्टी है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी के निर्देश पर ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के आयोजन स्थल पर धावा बोला और आपत्तिजनक नारे लगाए।”

भंडारी ने कहा, “राहुल गांधी, कांग्रेस और गांधी-वाद्रा परिवार को देश और उसके युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।”

इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें राहुल गांधी को नरसिम्हा यादव के साथ चलते हुए देखा जा सकता है, जिन्होंने शिखर सम्मेलन में विरोध-प्रदर्शन का कथित तौर पर आयोजन किया था। (भाषा)


अन्य पोस्ट