ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 20 फरवरी। आज सुबह सरगुजा जिला के बतौली में 12वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बतौली थाना क्षेत्र के शांतिपारा-कुनकुरी मुख्य मार्ग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलकोटा निवासी निष्क एक्का और झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी 12वीं बोर्ड का पहला पेपर देने बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान सडक़ किनारे पड़ी गिट्टी के कारण उनकी बाइक फिसल गई। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे दोनों छात्र सडक़ पर गिर पड़े। हादसे में निष्क एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर रेफर किया गया है। वहीं सूचना पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च तक और 10वीं बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 13 मार्च तक आयोजित की जा रही है।


