ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 20 फरवरी। शादी के लिए मना करने पर एक युवक आधी रात लड़की के घर पिस्टल लेकर पहुंच गया और गुस्से में उसके पिता पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि पिता समय रहते एक ओर झुक गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
यह घटना बुधवार रात करीब 11 बजे बालको नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोंड्रो के आश्रित गांव संगम नगर में हुई। इलाका नगर सीमा से लगा ग्रामीण क्षेत्र है, जहां देर रात अचानक गोलियों की आवाज से दहशत फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मसीह लंबे समय से संगम नगर की एक नाबालिग लड़की से एकतरफा प्यार करता था। वह अक्सर उसका पीछा करता और शादी का दबाव बनाता था।
परिवार के मना करने के बाद भी वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। बुधवार रात वह सीधे लड़की के घर पहुंच गया और परिवार के सामने जबरन उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा।
जब लड़की के पिता ने उसे फटकार लगाई, तो साहिल आपा खो बैठा। उसने जेब से पिस्टल निकाली और सीधे पिता पर फायर कर दिया।
पिता ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को एक तरफ झुका लिया, जिससे गोली पास से निकल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद लड़की का परिवार पूरी रात घर के भीतर सहमा बैठा रहा। गुरुवार सुबह जब आसपास लोगों की आवाजाही शुरू हुई, तब परिवार ने बाहर निकलकर पड़ोसियों को पूरी घटना बताई।
दोपहर में उन्होंने बालको नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
बालको नगर थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम और शादी से इनकार का सामने आया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि उसके पास अवैध पिस्टल कहां से आई।


