ताजा खबर

शादी का झांसा देकर सालभर बनाया संबंध, अफसर गिरफ्तार
20-Feb-2026 12:18 PM
शादी का झांसा देकर सालभर बनाया संबंध, अफसर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 20 फरवरी। शादी का भरोसा देकर एक साल तक संबंध बनाने और बाद में साफ इंकार करने के आरोप में कटघोरा में पदस्थ रहे कृषि मंडी अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रायगढ़ जिले के घरघोड़ा से पकड़ा गया।

कटघोरा थाना क्षेत्र की एक युवती ने बुधवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि कृषि मंडी में पदस्थ रहे अधिकारी राहुल साहू ने उससे शादी का वादा किया था।

युवती का आरोप है कि इसी भरोसे पर पिछले एक साल से वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इतना ही नहीं, इसी महीने शादी तय करने की बात भी कही गई थी। परिवार ने तैयारियां शुरू कर दी थीं।

पीड़िता के मुताबिक, अचानक राहुल साहू ने शादी से इंकार कर दिया। परिवार वालों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। आखिरकार युवती ने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया। शुरुआती जांच के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्य और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पता चला कि वह अपने गृह क्षेत्र घरघोड़ा  में छिपा हुआ है। गुरुवार को पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट