ताजा खबर

के कविता ने तेलंगाना केंद्रित नई पार्टी के गठन का संकेत दिया
20-Feb-2026 11:01 AM
के कविता ने तेलंगाना केंद्रित नई पार्टी के गठन का संकेत दिया

हैदराबाद, 20 फरवरी। तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता ने इस वर्ष मई में अपनी प्रस्तावित राजनीतिक पार्टी शुरू करने का संकेत दिया है।

पत्रकारों से बृहस्पतिवार को अनौपचारिक बातचीत में कविता ने कहा कि उनकी पार्टी तेलंगाना और उसके हितों को केंद्र में रखेगी तथा उसका नाम भी राज्य की पहचान को दर्शाएगा।

उन्होंने दावा किया कि उनका संगठन वर्तमान में राज्य में मुख्य विपक्ष की भूमिका निभा रहा है और उनकी पार्टी सत्तारूढ़ कांग्रेस, बीआरएस और भाजपा से सवाल करेगी। कविता ने यह भी कहा कि भाजपा तेलंगाना में धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगी।

कविता ने कहा कि जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (जेडपीटीसी) के चुनाव जब भी होंगे, उनकी पार्टी किसी अन्य दल के साथ गठबंधन कर लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हैदराबाद में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनावों में उनकी प्रस्तावित पार्टी को चुनाव चिह्न मिल सकता है।

उन्होंने दावा किया कि बीआरएस के कई नेता उनकी प्रस्तावित पार्टी में शामिल होने में रुचि दिखा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कविता को सितंबर 2025 में बीआरएस से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने अपने चचेरे भाइयों और पार्टी नेताओं टी हरीश राव तथा जे संतोष कुमार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने बीआरएस शासनकाल के दौरान कालेश्वरम सिंचाई परियोजना को लेकर उनके पिता और बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव की छवि को धूमिल किया।

निलंबन के बाद से वह अपने नेतृत्व वाले सांस्कृतिक संगठन ‘तेलंगाना जागृति’ के बैनर तले जन मुद्दों पर सक्रिय हैं।

पिछले वर्ष दिसंबर में उन्होंने घोषणा की थी कि उनका राजनीतिक मंच राज्य में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव में भाग लेगा। (भाषा)


अन्य पोस्ट