ताजा खबर
साल 2023 में सुदीप्तो सेन की निर्देशित फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' रिलीज़ हुई थी, जिस पर काफ़ी विवाद हुआ था. अब इसके सीक्वल की ख़बरों पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने चिंता जताई है.
सीएम पिनाराई विजयन ने एक्स पर लिखा, "नफ़रत फैलाने वाली फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' के सीक्वल की रिलीज़ से जुड़ी ख़बरों को बहुत गंभीरता से देखना चाहिए."
"पहले पार्ट में ही सांप्रदायिक एजेंडा और झूठ साफ़ दिख चुका है. केरल फिर से इस कोशिश को ठुकराएगा, जो हमारी धर्मनिरपेक्ष पहचान को बदनाम करने की कोशिश है."
सीएम विजयन ने लिखा, "यह हैरानी की बात है कि झूठी कहानियां, जो समाज में फूट डालने के लिए बनाई जाती हैं, उन्हें आसानी से मंज़ूरी मिल जाती है, जबकि कला की सच्ची और आलोचनात्मक अभिव्यक्ति को दबा दिया जाता है."
उन्होंने कहा, "हमें एकजुट होकर इन कोशिशों का विरोध करना होगा, जो हमारी शांति और मेल-जोल वाली धरती को आतंक की जगह दिखाना चाहते हैं. सच हमेशा जीतता है." (bbc.com/hindi)


