ताजा खबर
अफसरों को रोज जाना होगा पीएम आवास कालोनी
रायपुर, 19 फरवरी। वार्ड के पीएम आवास, बीएसयूपी कालोनी में जल संकट को लेकर अपने ही पार्षद से मिले तीन दिन के अल्टीमेटम को लेकर महापौर मीनल चौबे ने आज एक बैठक ली। उन्होंने
पीएम आवास योजना शाखा के अधिकारियों को शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित आवासीय परिसरो में जाकर जल संकट और अन्य मौलिक समस्याओ एवं सुविधाओं की उपलब्धता का निरीक्षण करने कहा। मीनल ने कहा कि किसी भी मौलिक सुविधा जैसे सफाई, पानी, प्रकाश व्यवस्था आदि में कोई भी कमी किसी भी प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर में मिलने पर तत्काल अधिकारी जोन कमिश्नर एवं अधिकारियों को इससे तत्काल अवगत कराकर उन्हें शीघ्र निराकरण करवाने हेतु कहेंगे।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि गर्मी में पेयजल की उपलब्धता और अच्छी सफाई व्यवस्था देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा हीला हवाला कदापि सहन नहीं किया जायेगा। मौलिक सुविधाओं में कमी मिलने पर उन्हें त्वरित रूप से दूर करने का कार्य एवं उपाय प्रयास ना करने पर जवाबदेही तय कर संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जायेगी, इस स्थिति के लिए सम्बंधित अधिकारीगण स्वयं जिम्मेदार रहेंगे। महापौर ने कहा है अधिकारी विशेष ध्यान रखे कि प्रधानमंत्री आवास योजना परिसरो के रहवासियों को किसी प्रकार की मौलिक असुविधा का सामना ना करना पड़े।
इस बैठक में अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, सहायक अभियंता अमित बोस, सोशल डेवलपमेन्ट ऑफिसर डॉ. संगीता ठाकुर,उपअभियंता मानसी सिंघानिया, प्रियदर्शिनी सोनी, चन्द्रकांत बर्गे उपस्थित रहे।


