ताजा खबर
सभा में पूर्व राज्यपाल बैस व मंत्री-विधायक भी पहुंचे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 फरवरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की माताश्री स्वर्गीय कुसुम सिन्हा को उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कुसुम सिन्हा का 15 फरवरी को निधन हो गया था।
मुख्य न्यायाधीश के बोदरी स्थित निवास पर बुधवार को आयोजित शोक सभा में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय कुसुम सिन्हा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, संस्कार और त्याग जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। कुसुम सिन्हा का सरल और स्नेहमय स्वभाव हमेशा याद रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री और सांसद तोखन साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस और विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को नमन करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इसके अलावा हाईकोर्ट और अधीनस्थ न्यायालयों के न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता, महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी, मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।


