ताजा खबर
उमंग पोद्दार
इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के एक रोबोटिक डॉग पर विवाद के बाद यूनवर्सिटी के स्टॉल की लाइट बंद मिली है.
बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार ने पाया कि स्टॉल की लाइट्स बंद थीं और यहां मौजूद यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर भी यहां से चले गए थे.
मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़ रोबोटिक डॉग पर विवाद के बाद आयोजकों ने प्रोफ़ेसरों को यहां से जाने को कह दिया था.
सुबह यूनिवर्सिटी के कुछ प्रोफ़ेसर और स्टाफ़ यहां मौजूद थे. लेकिन दोपहर को वे नहीं दिखे. विवादित रोबोटिक डॉग को भी यहां से हटा दिया गया था.
अब से कुछ देर पहले इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस ने कहा था कि अगर कोई कंपनी गुमराह करने वाले दावे कर रही है तो उस कंपनी को एक्सपो में जगह नहीं दी जाएगी.
समिट में दिखाए गए एक रोबोटिक डॉग की वजह से गलगोटिया यूनिवर्सिटी चर्चा में आ गई थी.
सोशल मीडिया पर आरोप लगे कि चीन में बने रोबोट को यूनिवर्सिटी ने स्वदेशी इनोवेशन बताकर पेश किया था. हालांकि यूनिवर्सिटी ने इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया था. (bbc.com/hindi)


