ताजा खबर
गलगोटिया यूनिवर्सिटी के रोबोटिक डॉग के विवाद पर केंद्र सरकार का बयान आया है.
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी से एक्सपो का स्टॉल ख़ाली कराने के सवाल के जवाब में कहा, ''हम चाहते हैं कि एक्सपो में लोग जो भी प्रदर्शित करें, उसमें वास्तविक और प्रामाणिक काम ही दिखे. इसका मक़सद यह नहीं है कि इसे किसी और तरीके से इस्तेमाल किया जाए.''
उन्होंने कहा, ''यहां चल रहे समिट को लेकर किसी तरह का विवाद हम नहीं चाहते. इसलिए यह ज़रूरी है कि एक आचार संहिता का पालन किया जाए. ग़लत जानकारी को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता. हम इस विवाद को यहां नहीं चाहते. मैं इस पर नहीं जा रहा कि वे सही हैं या ग़लत. हम सिर्फ़ यह चाहते हैं कि कोई विवाद न हो.''
दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में दिखाए गए एक रोबोटिक डॉग की वजह से गलगोटिया यूनिवर्सिटी चर्चा में आ गई थी.
सोशल मीडिया पर आरोप लगे कि चीन में बने रोबोट को यूनिवर्सिटी ने स्वदेशी इनोवेशन बताकर पेश किया था. हालांकि यूनिवर्सिटी ने इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया था और इसके लिए माफ़ी मांगी थी. (bbc.com/hindi)


