ताजा खबर

ओडिशा में ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने पांच को हिरासत में लिया
18-Feb-2026 8:54 PM
ओडिशा में ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने पांच को हिरासत में लिया

भुवनेश्वर, 18 फरवरी। ओडिशा के राउरकेला शहर में एक ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया गया और इस सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस संबंध में एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्लांट साइड, उदितनगर, बोंडामुंडा और रघुनाथपल्ली थानों की टीम ने मंगलवार को एक साथ छापेमारी की।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान में कुल 20 लाख रुपये नकद जब्त किए गए और पांच लोगों को हिरासत में लिया गया।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों का बेनामी खाताधारकों और हवाला संचालकों के साथ एक नेटवर्क था तथा अवैध धन के लेन-देन के सबूत मिले हैं।’’

पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और डिजिटल डेटा की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस रैकेट में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। (भाषा)


अन्य पोस्ट