ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बीजापुर, 18 फरवरी। जिले में खेल प्रेमियों के लिए उत्साह और रोमांच का वातावरण बना हुआ है। मिनी स्टेडियम, बीजापुर में 18 से 20 फरवरी तक अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की नामचीन टीमें हिस्सा ले रही हैं।
राष्ट्रीय स्तर की टीमों की भागीदारी
प्रतियोगिता में इनकम टैक्स महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जबलपुर रेलवे, छत्तीसगढ़ पुलिस, साईं तमिलनाडु, उड़ीसा एवं तेलंगाना की टीमें आमने-सामने हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में दर्शकों को उच्चस्तरीय और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।
मैदान में दमदार सर्व, मजबूत ब्लॉक और आक्रामक स्मैश से स्टेडियम खेल रोमांच से गूंज उठा है।
पूर्व मंत्री गागड़ा ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया विधिवत शुभारंभ
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर व्हॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश गागड़ा, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, मथियास कुजूर, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी गण,डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल, एसडीएम बीजापुर जागेश्वर कौशल सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी कर्मचारी मीडिया प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिको की गरिमामयी उपस्थिति रही ।अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
पहला मुकाबला रहा रोमांचक
आयोजन का पहला मैच गंगालूर और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम विजेता रही। इस दौरान खिलाड़ियों की ऊर्जा और रणनीति ने प्रतियोगिता के उच्च स्तर का संकेत दे दिया।
बीजापुर का मिनी स्टेडियम आगामी दो दिनों तक खेल उत्साह, प्रतिस्पर्धा और जोश का केंद्र बना रहेगा। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा देने का कार्य भी कर रहा है।


