ताजा खबर
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिवसीय भारतीय दौरे पर हैं. मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुंबई के लोक भवन में मुलाक़ात हुई.
इस दौरान दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा की. इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों और पीएम मोदी ने एक साझा प्रेस वार्ता को संबोधित किया.
पीएम मोदी ने कहा, "भारत और फ्रांस के संबंध बहुत ही ख़ास हैं. फ्रांस भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक है. राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मिलकर हमने इस रणनीतिक साझेदारी को गहराई और ऊर्जा प्रदान की है."
"वर्ष 2026, भारत और यूरोप के संबंधों में एक टर्निंग पॉइंट है. कुछ ही दिन पहले, हमने यूरोपीय संघ के साथ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट किया."
इमैनुएल मैक्रों ने 'इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फ़ोरम' का उद्घाटन करते हुए कहा कि, नवाचार तब सबसे मज़बूत होता है जब इसे साझा किया जाता है, भारत इसे अच्छी तरह समझता है.
उन्होंने कहा, "मुंबई, सपनों का शहर, हमेशा चलने वाला और भविष्य की ओर बढ़ता हुआ शहर है. आज जो हम 'इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फ़ोरम' शुरू कर रहे हैं, उसके लिए यह सबसे सही जगह है.” (bbc.com/hindi)


