ताजा खबर

बिल गेट्स के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने को लेकर ‘असमंजस’
17-Feb-2026 8:08 PM
बिल गेट्स के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने को लेकर ‘असमंजस’

नयी दिल्ली, 17 फरवरी। माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में शामिल होने को लेकर मंगलवार को अलग-अलग तरह की खबरें सामने आने से असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। सरकारी सूत्रों ने उनके सम्मेलन में भाग नहीं लेने की जानकारी दी है, वहीं गेट्स फाउंडेशन का कहना है कि वह इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी गेट्स की भागीदारी पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया।

राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया इम्पैक्ट समिट’ का 16 से 20 फरवरी तक आयोजन किया जा रहा है। ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की आधिकारिक वेबसाइट पर वक्ताओं की सूची में गेट्स का नाम पहले शामिल था। इस सूची में प्रौद्योगिकी व उद्योग जगत के दिग्गज, नीति-निर्माता, संस्थापक एवं प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों के नाम शामिल हैं। हालांकि, मंगलवार को सम्मेलन की वेबसाइट पर गेट्स का नाम नजर नहीं आया।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि गेट्स एआई सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। हालांकि, सूत्रों ने इसकी वजह नहीं बताई।

गेट्स फाउंडेशन को इस संबंध में ‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा भेजे ई-मेल के जवाब में उसके प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बिल गेट्स, एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे। वह सम्मेलन को उनके लिए निर्धारित समय पर संबोधित करेंगे।’’

वक्ताओं की सूची के अनुसार, बिल गेट्स को 19 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजकर 50 मिनट पर एआई इम्पैक्ट समिट को संबोधित करना था। हालांकि, अब उनका नाम सूची में नहीं है।

एआई सम्मेलन का नेतृत्व कर रहे सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाता सम्मेलन में गेट्स की भागीदारी के बारे में पूछे जाने पर पत्रकारों को सीधा जवाब नहीं दिया।

उन्होंने हालांकि एनवीडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग के अंतिम समय में सम्मेलन से हटने के कारणों का उल्लेख किया।

गेट्स की भागीदारी के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘ मैं कई अन्य बातों की तरह यह भूल गया कि कौन भाग ले रहा है और कौन नहीं। यह लोगों की व्यक्तिगत पसंद है... मुझे इस पर टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है।’’

सरकारी सूत्रों ने सुबह बताया कि यह फैसला अरबपति कारोबारी और यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से जुड़े नए दस्तावेजों में गेट्स का नाम सामने आने से संबंधित है।

प्रमुख प्रतिभागियों की सूची महीनों पहले ही तैयार कर ली गई थी जबकि एप्सटीन फाइल से जुड़े खुलासे हाल के सप्ताहों में हुए हैं।

एप्सटीन के किसी भी पीड़ित ने हालांकि गेट्स पर कोई गलत काम करने का आरोप नहीं लगाया है, लेकिन अमेरिका के न्याय मंत्रालय द्वारा जारी दस्तावेजों में एप्सटीन का यह दावा शामिल है कि बिल गेट्स को एक यौन संचारित बीमारी हुई थी।

गेट्स के प्रवक्ता ने इस दावे को ‘‘पूरी तरह बेतुका’’ बताया है।

अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया ने पिछले सप्ताह के अंत में कहा था कि उसके मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेन्सन हुआंग भारत में एआई सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। हुआंग सम्मेलन के बड़े आकर्षण में से एक माने जा रहे थे।

कंपनी ने हालांकि इसके पीछे की वजह नहीं बताई लेकिन कुछ लोगों ने इस फैसले को सम्मेलन में गेट्स की मौजूदगी से जोड़कर देखा था।

हुआंग की अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर वैष्णव ने कहा, ‘‘ जेन्सन हुआंग ने हमसे संपर्क किया और उन्होंने कहा कि बेहद जरूरी काम की वजह से... हालांकि उन्होंने अपनी जगह एक बहुत वरिष्ठ अधिकारी को भेजा है।’’

उन्होंने दोहराया कि कुछ लोगों का उपस्थित न होना उनका निजी निर्णय है, ‘‘ मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा।’’

उन्होंने बताया कि एनवीडिया कुछ भारतीय कंपनियों के साथ भी काम कर रही है, ‘‘ मैं इस समय उनके नाम साझा नहीं कर सकता क्योंकि उन्होंने एआई में बहुत बड़ा निवेश किया है। वे कई उपयोगों के लिए सॉफ्टवेयर कंपनियों के साथ भी काम कर रहे हैं।’’

गेट्स सोमवार को भारत पहुंचे थे। अपनी यात्रा के दौरान उनका पहला पड़ाव विजयवाड़ा था, जहां उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री के पवन कल्याण और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

विजयवाड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नारा लोकेश सहित राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों ने सोमवार को गेट्स का स्वागत किया था। (भाषा)


अन्य पोस्ट