ताजा खबर
बेंगलुरु, 17 फरवरी। बेंगलुरु में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में तीन विदेशी नागरिकों सहित 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी की गतिविधियों के बारे में विशिष्ट सूचनाएं मिली थी, जिसके आधार पर विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में चलाए गए संयुक्त अभियान में ये गिरफ्तारियां की गईं।
बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “बेंगलुरु सिटी पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) की मादक पदार्थ रोधी इकाई और शहर की विभिन्न सीमाओं के अंतर्गत आने वाले पुलिस थानों ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थों बेचने के आरोप में कुल 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन विदेशी नागरिक और अन्य राज्यों के 12 व्यक्ति शामिल हैं।”
इस संबंध में विभिन्न तारीखों पर प्राप्त विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इन सूचनाओं में बताया गया था कि सीसीबी की मादक पदार्थ रोधी इकाई के साथ-साथ अमृतहल्ली, हेब्बागोडी, जेबी नगर, शेषाद्रिपुरम, महालक्ष्मी लेआउट और गोविंदपुरा पुलिस थाना क्षेत्रों की सीमाओं के भीतर प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही थी।
विज्ञप्ति के अनुसार, इन सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग दिनों पर ये गिरफ्तारियां की गईं।
विज्ञप्ति में कहा गया, "पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि कम समय में अधिक पैसा कमाने के इरादे से वे अज्ञात विदेशी और अंतरराज्यीय व्यक्तियों से प्रतिबंधित नशीले पदार्थ प्राप्त करते थे। वे इन्हें आम नागरिक, महाविद्यालय के छात्रों और आईटी/बीटी कर्मचारियों को बेच रहे थे।"
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से भारी मात्रा में ड्रग्स और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, "जब्त की गई वस्तुओं में नौ किलो 460 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा, पांच किलो 677 ग्राम एमडीएमए, 34 किलोग्राम गांजा, 131 ग्राम कोकीन, 462 मिलीलीटर हशीश ऑयल, 29 एलएसडी गोलियां और 27 ग्राम एलएसडी स्ट्रिप्स शामिल हैं।"
विज्ञप्ति में बताया गया कि इसके अलावा एक कार, एक दुपहिया वाहन और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं तथा जब्त किये गए सामानों की कुल कीमत 10.59 करोड़ रुपये (बाजार मूल्य 21.50 करोड़ रुपये) है।
इसके अतिरिक्त, आरोपियों के पास से 24,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने वाले विदेशी और अन्य आपूर्तिकर्ताओं का पता लगाने की कोशिश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। (भाषा)


