ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 17 फरवरी। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से सोमवार को नशे की लत में डूबे एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की फावड़े से वार कर हत्या कर दी।
सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मन्नाडोल इलाके में एक युवक खून लगा फावड़ा हाथ में लेकर घूम रहा है और लोगों को डरा रहा है। खबर मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने अपने पिता से नशे के लिए पैसे मांगे थे। जब पिता ने मना किया तो गुस्से में आकर उन पर फावड़े से हमला कर दिया। पहले तो पुलिस को यकीन नहीं हुआ। जांच के लिए जब टीम आरोपी के घर पहुंची तो अंदर का नजारा दर्दनाक था। घर में 70 वर्षीय मनराखन ध्रुव का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशे का आदी है। वह कोई काम नहीं करता था और रोज अपने पिता से पैसे मांगता था। उसकी पत्नी भी उसकी आदतों से तंग आकर पहले ही उसे छोड़ चुकी है। सोमवार को भी उसने नशे के लिए पैसे मांगे। इंकार मिलने पर उसने घर में रखे फावड़े से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट ने बताया कि आरोपी बेटे 40 वर्षीय नीतू ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वह मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


