ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 16 फरवरी । तंजानिया में सोने की खदान दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी यश राजेश शाह को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। यहां बताया गया है कि आरोपी वियतनाम भागने की फिराक में था, लेकिन लुकआउट नोटिस और खुफिया इनपुट के आधार पर उसे दबोच लिया गया।
मामले के अनुसार,शाह ने रायपुर के कारोबारी समर्थ बरड़िया को तंजानिया में सोने की खदान में निवेश का झांसा दिया था। शाह ने खुद को विदेशी संपर्कों वाला बड़ा कारोबारी बताकर भरोसा जीता और करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेश के नाम पर ले ली।
बरड़िया को तंजानिया बुलाकर आरोपी ने अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे को अपना पार्टनर बताया और सोने की खदान का प्रोजेक्ट दिखाया। बाद में पता चला कि पूरा सौदा फर्जी था। मामले में कथित विदेशी पार्टनर न्युजे़ फिलहाल फरार है।
रायपुर सिविल लाइन पुलिस ने यश शाह के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश (धारा 420 और 120B) के तहत एफआईआर दर्ज थी। जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। निवेश के नाम पर ठगी के इस बड़े मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।


