ताजा खबर

शोएब का अर्धशतक, यूएई ने अफगानिस्तान को 161 रन का लक्ष्य दिया
16-Feb-2026 1:31 PM
शोएब का अर्धशतक, यूएई ने अफगानिस्तान को 161 रन का लक्ष्य दिया

नयी दिल्ली, 16 फरवरी। शोएब खान के अर्धशतक से यूएई ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में सोमवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ नौ विकेट पर 160 रन बनाए।

शोएब ने 48 गेंद में चार छक्कों और छह चौकों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा आलीशान शराफू (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की जिससे यूएई की टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

अफगानिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज अजमतु्ल्लाह उमरजई (15 रन पर चार विकेट) और मुजीब उर रहमान (31 रन पर दो विकेट) ने यूएई को नियमित अंतराल पर झटके दिए लेकिन शोएब ने एक छोर संभाले रखा।

अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान (24 रन पर एक विकेट) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यूएई ने दूसरे ओवर में 13 रन तक ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों आर्यांश शर्मा (00) और कप्तान मुहम्मद वसीम (10) के विकेट गंवा दिए।

मैच की चौथी ही गेंद पर आर्यांश ने अजमतुल्लाह की गेंद पर विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच थमाया। इस समय टीम के रनों का खाता भी नहीं खुला था।

अगले ओवर में वसीम ने मुजीब पर लगातार दो चौके मारे लेकिन इस ऑफ स्पिनर की अगली गेंद को चूककर पगबाधा हो गए।

शोएब ने मुजीब पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा और अगले ओवर में तेज गेंदबाज जियाउर रहमान पर तीन चौके मारे जबकि शराफू ने भी मुजीब पर दो चौके जड़े जिससे यूएई ने पावर प्ले में दो विकेट पर 55 रन बनाए।

शराफू ने राशिद का स्वागत मिडविकेट पर छक्के के साथ किया और फिर नूर अहमद की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।

यह साझेदारी हालांकि जब यूएई को मजबूत स्थिति में पहुंचा रही थी तब राशिद ने मुजीब को गेंदबाजी में वापसी कराई और उनकी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में शराफू ने इब्राहिम जादरान को कैच थमा दिया। उन्होंने 31 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे।

यूएई के रनों का शतक 13वें ओवर में पूरा हुआ।

अजमतुल्लाह ने 15वें ओवर में सैयद हैदर (13) और हर्षित कौशिक (00) को पवेलियन भेजकर यूएई को दोहरा झटका दिया।

शोएब ने राशिद पर छक्के के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

मोहम्मद अरफान (00) इसके बाद राशिद की गेंद पर हिट विकेट हो गए।

शोएब ने 18वें ओवर में जियाउर पर छक्का जड़ा जबकि हैदर अली ने भी इस तेज गेंदबाज पर दो चौके मारे।

शोएब ने अजमतुल्लाह पर चौके के साथ 19वें ओवर में टीम के 150 रन पूरे किए लेकिन अगली गेंद पर मुजीब को कैच दे बैठे।

 

यूएई :

आर्यांश शर्मा का गुरबाज बो अजमतुल्लाह 00

मुहम्मद वसीम पगबाधा बो मुजीब 10

आलीशान शराफू का इब्राहिम का मुजीब 40

शोएब खान का मुजीब बो अजमतुल्लाह 68

सैयद हैदर बो अजमतुल्लाह 13

हर्षित कौशिक का गुरबाज बो अजमतुल्लाह 00

मोहम्मद अरफान हिट विकेट 00

हैदर अली रन आउट 13

सिमरनजीत सिंह नाबाद 03

जुनैद सिद्दिकी रन आउट 03

अतिरिक्त: 10

कुल: 20 ओवर में नौ विकेट पर: 160 रन

विकेट पतन: 1-0, 2-13, 3-97, 4-114, 5-114, 6-121, 7-152, 8-157, 9-160

गेंदबाजी:

अजमतुल्लाह 4-0-15-4

मुजीब 4-0-31-2

जियाउर 4-0-43-0

राशिद 4-0-24-1

नूर 3-0-35-0

गुलबदिन 1-0-8-0

जारी


अन्य पोस्ट