ताजा खबर
मेलों से भी गाड़ियां की थी पार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 फरवरी। शहर के सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों को पकड़कर पांच चोरी की बाइक बरामद की हैं। चोरी की बाइक खरीदने वाले युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
27 जनवरी 2026 को सरकंडा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो नाबालिग लड़के एक एक्टिवा चलाते मिले। दोनों शराब के नशे में थे। जब गाड़ी की जांच शक्ति ऐप से की गई तो पता चला कि यह वाहन सिटी कोतवाली थाने में दर्ज चोरी के मामले का है।
इसके बाद सिटी कोतवाली, सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक 17 वर्षीय लड़के से पूछताछ की। उसने अपने 15 वर्षीय साथी के साथ मिलकर सिम्स अस्पताल से कई बाइक चोरी करना कबूल किया।
आरोपियों ने जिन गाड़ियों की चोरी स्वीकार की, उनमें एक्टिवा, पल्सर, एचएफ डीलक्स, हीरो होंडा पैशन प्रो और एक काली एक्टिवा शामिल है। एक बाइक नांदघाट-दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से भी चोरी की गई थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पांचों बाइक जब्त कर ली हैं। आरोपियों ने हीरो होंडा पैशन प्रो बाइक को अल्ताफ उर्फ मोमिन (37 वर्ष), निवासी अशोक नगर, खमतराई सरकंडा, को मात्र 2 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने खरीददार को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की है। दोनों नाबालिगों को विधि अनुसार संरक्षण में लिया गया है।


