ताजा खबर

5 साल में बस्तर में हर सुविधा-शाह
09-Feb-2026 2:30 PM
5 साल में बस्तर में  हर सुविधा-शाह

   बस्तर पंडुम समापन, शाह ने कहा- यहां की संस्कृति भारत का आभूषण  
 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 9 फरवरी। बस्तर पंडुम के समापन मौके पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर की संस्कृति की जमकर तारीफ की। उन्होंने बस्तर की संस्कृति भारतीय संस्कृति का आभूषण है। श्री शाह ने कहा कि अगले पांच साल में बस्तर सर्वसुविधा होगी। हर गांव में बिजली-पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने माओवादियों से हथियार डालने की अपील करते हुए कहा कि बचे खुचे लोगों को हथियार डाल देना चाहिए, सरकार उनकी चिंता करेगी। 

श्री शाह ने बस्तर पंडुम की अलग-अलग विधाओं में विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बस्तर पंडुम में यहां की संस्कृति को पुनजीवित करने का काम किया है। बस्तर पंडुम में 55 हजार लोगों ने हिस्सा लिया, और अपनी संस्कृति का प्रदर्शन किया। 

उन्होंने कहा कि बस्तर की संस्कृति को दशकों तक जीवित रखना चाहते हैं। विश्व में कहीं भी बस्तर जैसी कला संस्कृति उपलब्ध नहीं है। केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि ये भारतीय संस्कृति का आभूषण है। शाह ने कहा कि बस्तर पंडुम में पहले, दूसरे, और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रपति भवन में अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिला। केन्द्रीय गृहमंत्री ने एक बार फिर माओवाद का जिक्र करते हुए कहा कि हम किसी के साथ लड़ाई लडऩा नहीं चाहते हैं। आदिवासी गांवों की सुरक्षा चाहते हैं। 

उन्होंने कहा कि अभी भी बचे खुचे लोग हैं, उन्हें हाथियार डाल देना चाहिए। सरकार उनकी चिंता करेगी। महिला नक्सलियों से कहा कि उनका पूरा जीवन बाकी है। सरेण्डर करने वालों को कोई आंच नहीं आएगी। शाह ने कहा कि हथियार का जवाब हथियार से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि माओवादी किसी का भला नहीं किया है। किसी का कल्याण नहीं हुआ है। स्कूल बंद कर देने से किसी का भला नहीं हुआ। शाह ने जोर देकर कहा अगले पांच साल में बस्तर संभाग, पांचों संभागों से सबसे विकसित होगा। पीएचसी, सीएससी खोले जाएंगे। हर गांव में बिजली-पानी की व्यवस्था होगी। हर आदिवासी परिवार को पांच किलो दाल दिया जाएगा। आदिवासी किसानों से 31 सौ रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। नक्सलवाद समाप्त होते ही एडवेंजर टूरिजम को बढ़ावा दिया जाएगा। 118 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक इकाई खोली जाएगी। यहां से लोगों को रोजगार मिलेगा। सिंचाई परियोजना में वृद्धि की जाएगी। 


अन्य पोस्ट