ताजा खबर

कंधे पर धान लादकर कलेक्टोरेट पहुंचे कांग्रेस नेता
09-Jan-2026 10:49 AM
कंधे पर धान लादकर कलेक्टोरेट पहुंचे कांग्रेस नेता

समय पर धान खरीदी नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों के घर रखेंगे धान: केशरवानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 9 जनवरी। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की धान खरीदी से जुड़ी परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं बेलतरा से कांग्रेस के विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी किसानों के साथ कंधे पर धान की बोरी लादकर कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से तय समय-सीमा के भीतर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की और कलेक्टर के प्रतिनिधि एडीएम को ज्ञापन सौंपा।

केशरवानी ने कहा कि राज्य सरकार ने धान खरीदी समितियों के लिए प्रतिदिन खरीदी की लिमिट तय कर दी है। लिमिट कम होने के कारण प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का शासन का दावा ज़मीन पर पूरा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली करीब 27 समितियों में खरीदी की गति बेहद धीमी है। टोकन कटने के बाद भी किसान तय दिन धान नहीं बेच पा रहे हैं। छोटे और बड़े सभी किसान एक जैसी परेशानी झेल रहे हैं। टोकन मिलने के बावजूद लिमिट के कारण समितियां धान नहीं खरीद पा रहीं। किसान रोज़मर्रा का काम छोड़कर समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, जबकि समितियां भी तय कोटे से अधिक खरीदी करने में असमर्थ हैं।

केशरवानी ने बताया कि बेलतरा, सलका, कर्रा, सेलर, उरतुम, अकलतरी, बामू, भाड़ी, कर्मा, लखराम और पोन्सरा सहित अधिकांश केंद्रों पर लक्ष्य के मुकाबले खरीदी आधी से भी कम है। मौजूदा रफ्तार से लक्ष्य पूरा होना लगभग असंभव नजर आ रहा है।


अन्य पोस्ट