ताजा खबर
एक चिकित्सा अधिकारी समेत प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में होंगे 12 मेडिकल स्टाफ
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 8 जनवरी । राज्य में 12 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की स्वीकृति दी गई है।वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुख्य बजट में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की घोषणा की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी करते हुए नगर निगम चिरमिरी के कोरिया कालरी, खड़गवाँ जनपद के ग्राम पंचायत जरौंधा, कोंडागांव के ग्राम गोलावंड, बैकुंठपुर के ग्राम मुरमा, कोरिया जिले के ग्राम सकरिया, राजपुर के ग्राम सेवारी, दरभा के ग्राम पोड़ागुड़ा तथा ग्राम चिंतापुर, दुलदुला के ग्राम करडेगा , फरसाबहार के ग्राम पेटामारा(अकीरा) तथा ग्राम गंझियाडीह और कुनकुरी के ग्राम केराडीह में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने नवीन पदों की स्वीकृति दी गई है।
आदेश के अनुसार प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सा अधिकारी, एक ग्रामीण चिकित्सा सहायक, एक फार्मासिस्ट ग्रेड 2, एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, 3 स्टाफ नर्स, एक लैब टेक्निशियन, एक सहायक ग्रेड 3, 1 वार्ड बॉय और 2 आया का पद शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि नए केंद्रों से राज्य के लोगों को ग्रामीण स्तर पर भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और जरूरतमंद लोगों का सही समय पर शीघ्र उपचार संभव हो सकेगा।


