ताजा खबर

बेकाबू कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर
07-Jan-2026 6:54 PM
बेकाबू कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर

एक युवक को 200 मीटर तक घसीटने का आरोप, दोनों गंभीर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रामानुजगंज, 7 जनवरी।
रामानुजगंज क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यह हादसा आज दोपहर करीब एक बजे रामचंद्रपुर-सनवाल मुख्य मार्ग पर ग्राम टकिया के पास हुआ, जहां सनवाल की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार व अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि एक युवक कार के बोनट में फंसकर लगभग 200 मीटर तक घसीटता चला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान सुमन कुमार पिता लालमोहन निवासी हरिहरपुर तथा दिलीप भुइयां पिता कृष्णा के रूप में हुई है।

बताया गया कि दोनों युवक एक दिन पूर्व बाइक से ग्राम आरागाही अपने ससुराल गए थे और आज दोपहर वापस लौटते समय ग्राम टकिया के पास यह दुर्घटना हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे सुमन कुमार बाइक से उछलकर कार के बोनट पर गिर गया और कार उसे लगभग 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। वहीं, दिलीप भुइयां सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से टूट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय बलरामपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जनपद उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नारद यादव, पूर्व जनपद सदस्य व्यास मुनि यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा कार चालक की तलाश जारी है। घटना के बाद से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। घटना के बाद कर ड्राइवर मौके से प्यार हो गया कर ग्राम तारकेश्वर पुर की बताई जा रही है।


अन्य पोस्ट