ताजा खबर
उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में सीबीआई जांच और कथित वीआईपी की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर रविवार को उत्तराखंड में कई जगहों पर प्रदर्शन हुए थे.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''हम अंकिता भंडारी हत्या मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं. उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की हत्या से पूरा देश सदमे और गुस्से में है. इस जघन्य अपराध ने भाजपा का असली चेहरा उजागर कर दिया है.''
कांग्रेस ने लिखा है, ''रिसॉर्ट में काम करने वाली युवा महिला अंकिता पर 'विशेष सेवाएं' देने का दबाव बनाया गया था. जब उसने इनकार किया, तो उसकी हत्या कर दी गई और शव को नहर में फेंक दिया गया.''
कांग्रेस ने लिखा, ''न्याय सुनिश्चित करने के बजाय, राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारें दोषियों को बचाने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच से बच रही हैं. कांग्रेस पार्टी अंकिता के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाने और सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करती है.''
कांग्रेस समेत कई दलों ने रविवार को अंकिता भंडारी मामले में प्रदर्शन किया था.
19 वर्षीय अंकिता, उत्तराखंड पौड़ी जिले के यमकेश्वर स्थित वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं.
सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी और लापता होने के लगभग एक सप्ताह बाद उनका शव चीला शक्ति नहर से बरामद हुआ था.
मृत्यु से पहले अंकिता ने रिज़ॉर्ट की गतिविधियों और अपनी सुरक्षा को लेकर अपने एक दोस्त पुष्पदीप से फोन कॉल और चैट के जरिए चिंता साझा की थी, जिनका विवरण जांच के दौरान सामने आया.
पुलिस के अनुसार, रिज़ॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके सहयोगी अंकित गुप्ता के अलावा सौरभ भास्कर कथित तौर पर अंकिता पर अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बना रहे थे. (bbc.com/hindi)


