ताजा खबर
राजधानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके़ में फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद के पास बुधवार तड़के एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) ने अतिक्रमण वाले इलाके़ में बुलडोज़र कार्रवाई की है. इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प की भी ख़बर है.
तुर्कमान गेट इलाके़ में एमसीडी ने दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों पर आज सुबह अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया. पुलिस का कहना है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाज़ी की.
दिल्ली पुलिस में डीसीपी निधिन वलसन (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "कार्रवाई अभी भी जारी है. एमसीडी तोड़फोड़ कर रही है. हमने सुरक्षा के लिए अपने स्टाफ को तैनात किया है. कार्रवाई रात क़रीब 1 बजे शुरू हुई."
डीसीपी निधिन वलसन के मुताबिक़, "एमसीडी ने हाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार कब्ज़े वाली ज़मीन पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की. रात में पुलिस पर थोड़ी पत्थरबाज़ी हुई थी. हमने भीड़ को पीछे हटाने के लिए कम से कम बल का इस्तेमाल किया. इसके अलावा, पूरी प्रक्रिया बहुत सुचारू रूप से चली."
पुलिस का कहना है कि इस दौरान 4–5 पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं.
डीसीपी निधिन ने कहा, "जैसे ही हमें सीसीटीवी कैमरा फुटेज, ग्राउंड फुटेज और बॉडी कैमरा फुटेज मिलेगा, हम बदमाशों की पहचान करेंगे और क़ानूनी कार्रवाई करेंगे."(bbc.com/hindi)


