ताजा खबर
सिटी कोतवाली के घेराव के बाद आरोपी गिरफ्तार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 3 जनवरी। दो दिन पहले हुए आपसी विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने इसके पहले सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर एक युवक और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक नरेश साहू पिता सुशील साहू, मूल रूप से बामपारा, मुंगेली का निवासी था। वह बिलासपुर के चिंगराजपारा, गणेश चौक क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर सरकंडा स्थित इंडेन गैस एजेंसी में काम करता था।
जानकारी के मुताबिक 30 दिसंबर की रात सरकंडा से घर लौटते समय नरेश की गाड़ी की टक्कर खपरगंज निवासी सोहेल खान से हो गई थी। आरोप है कि इसी दौरान सोहेल ने नरेश के साथ मारपीट की। इस घटना को लेकर नरेश ने सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस जांच कर रही थी।
आत्महत्या से पहले नरेश साहू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हिंदू संगठनों से न्याय की गुहार लगाई। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि पुलिस उस पर बयान बदलने का दबाव बना रही थी और उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
नरेश की मौत के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली का घेराव कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उनका आरोप है कि नरेश को हिंदू संगठन से जुड़े होने के कारण ही मामूली एक्सीडेंट के बाद निशाना बनाया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि विवाद की वजह केवल आपसी कहासुनी थी।
पुलिस जांच में सोहेल खान ने दावा किया था कि घटना के समय वह राजीव प्लाजा स्थित अपनी दुकान पर मौजूद था और इसके समर्थन में उसने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा था। इसी आधार पर पहले उसे छोड़ दिया गया था। हालांकि, मृतक का वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि नरेश साहू को कथन के लिए बुलाया गया था, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि उसने मुंगेली में आत्महत्या कर ली है। वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच संबंधित जिले की पुलिस कर रही है।


