ताजा खबर
भारत सरकार ने 'अश्लील और आपत्तिजनक' कंटेंट बनाने और छापने को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स को नोटिस जारी किया है.
आईटी मंत्रालय की ओर से जारी लेटर में कहा गया है, "समय-समय पर यह रिपोर्ट किया गया है कि आपके प्लेटफ़ॉर्म पर सर्कुलेट हो रहे कुछ खास तरह के कंटेंट शालीनता और अश्लीलता से जुड़े नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं."
ख़त में कहा गया है, "ख़ास तौर पर देखा गया है कि एक्स प्लेटफ़ॉर्म पर इंटीग्रेट करके उपलब्ध कराई गई ग्रोक एआई नाम की सर्विस का यूज़र गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. यूजर महिलाओं की अश्लील तस्वीरें या वीडियो को बनाने, पब्लिश करने और शेयर करने के लिए फेक अकाउंट बना रहे हैं, जिससे वे उन्हें बदनाम कर सकें."
"ये चीज़ें दिखाती हैं कि प्लेटफ़ॉर्म स्तरीय सुरक्षा के उपायों और उसे लागू करने के तरीकों में गंभीर विफलता हो रही है. और यह क़ानूनों का उल्लंघन करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग है."
मंत्रालय ने एक्स इंडिया से इस संबंध में तत्काल एक्शन लेने और उसकी रिपोर्ट सरकार को देने के निर्देश दिए हैं.
इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को ख़त लिखकर इस संबंध में कार्रवाई करने की मांग की थी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "सोशल मीडिया पर महिलाओं की तस्वीरों का बिना उनकी अनुमति के इस्तेमाल कर एआई ऐप्स से उनके आपत्तिजनक और अश्लील फ़ोटो बनाए जा रहे हैं. मैंने ऐसी बढ़ती घटनाओं पर माननीय आईटी मंत्री से तुरंत ध्यान देने और हस्तक्षेप करने की मांग की है."
उन्होंने लिखा, "ग्रोक जैसी सुविधाओं में ऐसे सुरक्षा उपाय होने चाहिए, जो महिलाओं की गरिमा का उल्लंघन न करें. बड़ी टेक कंपनियों को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी होगी. और मेरी इच्छा है कि इस तरह की गतिविधियां कर रहे पुरुषों को उनके घरों और स्कूलों में बेहतर शिक्षा और संस्कार दिए जाएं, ताकि वे वयस्क होने पर इस तरह के बीमार और विकृत आचरण में शामिल न हों. " (bbc.com/hindi)


