ताजा खबर

सब स्टेशन में सामान छोड़ गायब हुए विद्युतकर्मी की 30 घंटे बाद भी नहीं मिली खबर
02-Jan-2026 8:00 PM
सब स्टेशन में सामान छोड़ गायब हुए विद्युतकर्मी की 30 घंटे बाद भी नहीं मिली खबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 02 जनवरी। दुर्ग सिविल लाईन स्थित बिजली आफिस 33/11 केव्ही सब स्टेशन परिसर से अचानक लापता हुए कर्मचारी की 30 घंटे बाद भी कोई खबर नहीं मिली है। वैशाली नगर गोल मार्केट निवासी विद्युत कर्मी के इस तरह अचानक गायब होने से घर वालों का बुरा हाल है तथा हर तरफ पतासाजी के बाद भी कोई खबर आज शाम तक नहीं मिली है।

पद्मनाभपुर पुलिस ने बताया कि गोल मार्केट वैशाली नगर भिलाई निवासी श्रीमती अर्चना सार्वा (43 वर्ष) ने आज गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। 

उन्होंने पुलिस को सूचना दी कि उनके पति ऋषि कपूर पिता स्व. हरि राम सार्वा (50 वर्ष) 1 जनवरी की सुबह सवा 9 बजे फील्ड के काम से जाना है कह कर घर से जल्दी निकले और अपने आफिस सिविल लाईन स्थित बिजली आफिस 33/11 केव्ही सब स्टेशन परिसर गए।

कल दोपहर करीबन डेढ़ बजे श्रीमती अर्चना को बिजली आफिस दुर्ग से मोबाईल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि ऋषि कपुर सुबह पौने 10 बजे आफिस को खोल कर अपना बैग, मोबाईल, पर्स एवं गाड़ी रख कर बिना बताए कहीं चले गये हैं। आसपास पता तलाश करने पर पता नहीं चला है। सूचना पा कर श्रीमती अर्चना शाम साढ़े 4 बजे पति के आफिस दुर्ग गईं और उनका सभी सामान अपने साथ ले आईं। आसपास रिश्तेदारी में पता तलाश करने पर जब कहीं पता नहीं चला तो उन्होंने पद्मनाभपुर पुलिस को सूचना दी। आज दोपहर सूचना बाद पुलिस ऋषि की तलाश में जुट गई है लेकिन फिलहाल शाम तक कोई खबर नहीं मिली है। 

पुलिस ने बताया कि 5 फीट 3 इंच लम्बे ऋषि का रंग सांवला, ठुड्डी में गड्ढे का निशान, बाल छोटा, गले में चांदी और रूद्राक्ष की माला है। वो ग्रे कलर का पेंट तथा हल्का गुलाबी छीटदार शर्ट, ग्रे कलर का जैकेट और पैर मे भूरे रंग का जुता पहने हैं। गुमशुदगी की सूचना सीटीसीआईटी एवं डीसीआरबी को देने के बाद स्थानीय पुलिस तलाश कर रही है।


अन्य पोस्ट