ताजा खबर
इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों पर मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कहा है कि इस 'पाप का प्रायश्चित करना होगा'.
उन्होंने यह भी कहा कि सीएम मोहन यादव के लिए यह 'परीक्षा की घड़ी' है.
उमा भारती ने कहा कि साल के अंत में हुई यह घटना पूरे प्रदेश, सरकार और व्यवस्था को शर्मिंदा और कलंकित कर गई. उन्होंने इंदौर की स्वच्छता और वहां की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया.
उमा भारती ने एक्स पर लिखा, "प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर का अवार्ड पाने करने वाले शहर में इतनी बदसूरती, गंदगी, ज़हर मिले पानी ने कितनी जिंदगियों को निगल लिया और निगलता जा रहा है. मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है."
मध्य प्रदेश सरकार ने इस घटना में मारे गए परिवारों को दो-दो लाख रुपये मुआवज़ा देने का एलान किया है. उमा भारती ने इस पर टिप्पणी की है.
उन्होंने कहा, "ज़िंदगी की क़ीमत दो लाख रुपये नहीं होती क्योंकि उनके परिजन जीवन भर दुख में डूबे रहते हैं. इस पाप का घोर प्रायश्चित करना होगा, पीड़ितजनों से माफ़ी मांगनी होगी और नीचे से लेकर ऊपर तक जो भी अपराधी हैं उन्हें अधिकतम सज़ा देनी होगी."
इसके थोड़ी देर बाद उमा भारती ने फिर से एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने ज़िम्मेदारी से पीछे हटने वालों पर निशाना साधा. उन्होंने फिर से दोहराया कि 'ऐसे पापों का कोई स्पष्टीकरण नहीं होता, या तो प्रायश्चित करना होगा या तो सज़ा देनी होगी'.
उन्होंने लिखा, "यह कौन कह रहा है कि हमारी चली नहीं. जब आपकी नहीं चली तो आप पद पर बैठे हुए बिसलेरी का पानी क्यों पीते रहे? पद छोड़कर जनता के बीच क्यों नहीं पहुंचे? ऐसे पापों का कोई स्पष्टीकरण नहीं होता, या तो प्रायश्चित या दंड!"
इंदौर में दूषित पानी पीने से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं. दूषित पानी से शहर के क़रीब 1400 से 1500 लोग प्रभावित हुए हैं. (bbc.com/hindi)


