ताजा खबर

रायपुर में क्रिसमस के दौरान तोड़फोड़ करने वालों को मिली ज़मानत, बजरंग दल ने उतारी आरती
02-Jan-2026 7:25 PM
रायपुर में क्रिसमस के दौरान तोड़फोड़ करने वालों को मिली ज़मानत, बजरंग दल ने उतारी आरती

DEVENDRA


-आलोक पुतुल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्रिसमस की सजावट से नाराज़ होकर एक मॉल में तोड़फोड़ करने वाले अभियुक्तों को जमानत मिल गई है.

जमानत मिलने के बाद बजरंग दल के सदस्यों और परिजनों ने अभियुक्तों की आरती उतारी, ढोल नगाड़े बजाए और माला पहनाकर उनका स्वागत किया.

इस मुद्दे पर बजरंग दल के ज़िला संयोजक विजेंद्र वर्मा ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए जेल गए थे और हमें अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है.

पिछले सप्ताह हिंदू संगठनों ने क्रिसमस का विरोध करते हुए, कई जगहों पर तोड़फोड़ की थी.

आरोप है कि रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कर्मचारियों से उनकी जाति और धर्म पूछ-पूछ कर उन्हें धमकाया गया और वहां तोड़-फोड़ की गई. कई इलाकों में क्रिसमस की सजावट करने वाले दुकानदारों से मारपीट की भी ख़बर आई थी.

इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत बजरंग दल के 7 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था.

इसके विरोध में 27 दिसंबर को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रायपुर के तेलीबांधा थाना के सामने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था और कई घंटों तक मुख्य सड़क को बंद कर दिया था. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट