ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर पंडुम इस वर्ष भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान 12 विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
आज दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने आगे कहा-बस्तर पंडुम को अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया जाएगा, जिससे सारी दुनिया बस्तर की सभ्यता - संस्कृति और परंपराओं से वाकिफ हो सके।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के आदिवासी कल्याण के कार्य को याद किया। उन्होंने कहा- पूर्ववर्ती केंद्र सरकारों में आदिम जाति कल्याण विभाग का मंत्रालय अस्तित्व में नहीं था। स्वर्गीय श्री वाजपेयी द्वारा केंद्र में पहली दफा आदिम जाति कल्याण विभाग का नवीन मंत्रालय गठित किया गया। वर्तमान आदम जाति कल्याण मंत्री जुएल उरांव तत्कालीन सरकार में भी आदिम जाति मंत्री थे। इस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही आदिवासियों का उत्थान संभव है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर ओलंपिक में करीब 4 लाख पंजीयन इस वर्ष हुए थे। इसी प्रकार से बस्तर पंडुम में भी जनता की भागीदारी कई गुना बढ़े। जिससे बस्तर पंडुम का आयोजन सफलतम हो सके।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जिला दंतेवाड़ा केदार कश्यप, सांसद बस्तर महेश कश्यप, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग के सदस्य ओजस्वी मण्डावी बस्तर आईजी सुन्दरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा और डीएफओ सागर जाधव सहित बड़ी संख्या में मौजूद थे।


