ताजा खबर

सड़क हादसों में 4 युवकों की मौत
02-Jan-2026 1:05 PM
सड़क हादसों में 4 युवकों की मौत

साल का पहला दिन, मृतकों के परिवार पर टूटा दर्द का कहर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जनवरी।
नए साल में छुरिया और अं. चौकी क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 4 युवकों की मौत हो गई। वहीं घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे रायपुर रिफर किया गया है। इस सड़क हादसे की वजह से मृतकों के परिवार में दर्द का कहर टूट पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर की रात को चिचोला क्षेत्र अंतर्गत घोघरे पुलिया के पास भंडारपुर निवासी गणेश मंडावी और गितेश कंवर दोनों 31 दिसंबर की रात मोटर साइकिल से अपने ग्राम भंडारपुर लौट रहे थे। जैसे ही रात लगभग 7.30 बजे वे ग्राम घोघरे के पुलिया के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य मोटर साइकिल से उनकी बाइक जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों  ने गणेश मंडावी को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर प्राथमिक उपचार के बाद गितेश कंवर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रिफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बताया गया कि दोनों महाराष्ट्र स्थित ग्राम मातेखेड़ा के एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे। इधर दुर्घटना में दूसरी मोटर साइकिल सवार घायल युवक प्रथम पल्लीवार छुरिया बताया जा रहा है। इस घटना में उसके सिर और चेहरे में भी गंभीर चोट लगी। उसे इलाज के लिए रायपुर रिफर किया गया।  इधर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद सुबह पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर बाद गांव से एक साथ दोनों की शवयात्रा निकाली गई। मौके पर मौजूद लोगों की आंखों में आंसू छलक पड़े। गांव के मुक्तिधाम में दोनों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया।

 पिकनिक मनाकर लौटते मेटेपार गांव में हादसा
इधर वर्ष के पहले दिन गुरुवार को पिकनिक मनाकर लौट रहे दो आईटीआई छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर एक खड़ी ट्रक से जा टकराई। इस घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई।

बताया गया कि गुरुवार को नए वर्ष के लिए मोहला विकासखंड के ग्राम कंदाड़ी निवासी दो आईटीआई के छात्र सेवन चिराम और फकीर खरे  दोनों खरखरा बांध पिकनिक मनाने गए थे। वापसी के दौरान शाम लगभग 7.30 बजे अं.चौकी क्षेत्र के मेटेपार में दो दिन से ब्रेकडाउन अवस्था में खड़ी 14 चक्का ट्रक में छात्रों की बाइक जा घुसी। इस हादसे में घटनास्थाल पर ही दोनों युवकों की अकाल मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम लगभग 7.30 बजे मेटेपार गांव में बीते दो दिनों से भिलाई से सरिया लेकर हैदराबाद के लिए निकली 14 चक्का ट्रक इंजन का हेड खराब होने के कारण ब्रेकडाउन अवस्था में सड़क पर खड़ी थी। इधर कंदाड़ी निवासी मोहला आईटीआई के छात्र अपनी बाइक से उक्त खड़ी ट्रक में जा घुसे।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक गांव से खरखराब बांध पिकनिक मनाने के लिए निकले हुए थे। वापसी के दौरान तेज रफ्तर मोटर साइकिल सवार मेटेपार गांव में खड़ी ट्रक में जा घुसे। हादसे की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अश्वनी राठौर की टीम मौके पर पहुंचकर दोनों के शव को घटनास्थल से अं. चौकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।


अन्य पोस्ट