ताजा खबर
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक यूज़र ने एक वीडियो शेयर करते हुए तंज किया है कि ग़ाज़ियाबाद के एक थाने के एसएचओ के पास एक ऐसी 'मशीन है, जो इंसान की नागरिकता बता देती है.'
वीडियो में दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी एक झुग्गी में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और उनके आईडी कार्ड देख रहे हैं.
पुलिसकर्मी वीडियो में दिख रहे लोगों से पूछते हैं, “बांग्लादेश से तो नहीं हो?”
वहां मौजूद एक शख़्स ने कहा- नहीं.
इसके बाद पुलिसकर्मी यह कहते हुए दिखते हैं कि, "मशीन लगाओ इसकी पीठ पर."
फिर वह अपना मोबाइल फ़ोन लगाते हुए कहते हैं, "मशीन तो बांग्लादेशी बता रही है."
वीडियो वायरल होने के बाद ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने इस पर सफ़ाई दी है.
एक पोस्ट में पुलिस ने लिखा है, “अपराध नियंत्रण के प्रयासों के क्रम में अस्थायी बस्तियों, झुग्गियों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन की प्रक्रिया समय-समय पर की जाती है. इसी क्रम में कौशांबी पुलिस ने पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की, जिसमें सत्यता परीक्षण के लिए लोगों से दस्तावेज़ मांगे गए.” (bbc.com/hindi)


