ताजा खबर
सीएम ने मोदी-गड़करी का आभार जताया
रायपुर, 1 जनवरी। केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत मुंगेली, कांकेर, सुकमा/दंतेवाड़ा एवं गरियाबंद में ₹664.67 करोड़ की लागत से 173.70 किलोमीटर की स्वीकृत सड़क परियोजनाएँ प्रदेश के विकास को नई गति देंगी। ये कार्य बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित परिवहन और क्षेत्रीय आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएँगे। खासकर बस्तर संभाग के दुर्गम क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने छत्तीसगढ़ को सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की है।छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के लिए हार्दिक आभार। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ प्रगति पथ पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।


