ताजा खबर

ऑपरेशन सिंदूर के तहत सुनियोजित और निर्णायक प्रहार किया गया; दुनिया को स्पष्ट संदेश मिला: सरकार
01-Jan-2026 9:05 AM
ऑपरेशन सिंदूर के तहत सुनियोजित और निर्णायक प्रहार किया गया; दुनिया को स्पष्ट संदेश मिला: सरकार

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत के अटूट संकल्प का एक सशक्त प्रमाण है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने सटीकता व पेशेवर तरीके के साथ पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर सुनियोजित व निर्णायक प्रहार किया।

मंत्रालय ने नववर्ष समीक्षा बयान में कहा, “इस अभियान ने दुनिया को एक स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और जो भी इसे प्रायोजित करेगा, उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।”

वक्तव्य में कहा गया है, “यह अभियान भारत के सैन्य इतिहास में एक निर्णायक क्षण और सैन्य सटीकता व राष्ट्रीय संकल्प के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा।”

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सात मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था, जिसमें कम से कम 100 आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया था। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। (भाषा)


अन्य पोस्ट