ताजा खबर

असम: जादू-टोना के शक में पति-पत्नी को ज़िंदा जलाने का आरोप, क्या कह रही है पुलिस
31-Dec-2025 10:11 PM
असम: जादू-टोना के शक में पति-पत्नी को ज़िंदा जलाने का आरोप, क्या कह रही है पुलिस

-दिलीप कुमार शर्मा

असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले में जादू-टोना करने के शक में कुछ ग्रामीणों ने पति-पत्नी को कथित तौर पर ज़िंदा जला दिया. यह घटना बीते मंगलवार की रात हावराघाट थाना क्षेत्र के 1 नंबर बेलोगुरी मुंडा गांव में हुई.

इस घटना में मारे गए पति-पत्नी की पहचान 43 साल के गार्डी बिरुवा और 33 साल की मीरा बिरुवा के रूप में हुई है.

इस घटना की पुष्टि करते हुए हावराघाट थाना प्रभारी सुंथोम श्याम ने बीबीसी से कहा, “यह घटना डायन शिकार से संबंधित है, क्योंकि जिस इलाक़े में अपराध हुआ है, वहां गांव वालों के एक बड़े वर्ग में अंधविश्वास काफ़ी है. पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि गांव में कुछ भी घटित होने पर गांव वाले उन दोनों पति-पत्नी को ज़िम्मेदार ठहरा रहे थे. गांव वाले दोनों पर जादू-टोना कर इलाके में नुकसान पहुंचाने के आरोप लगा रहे थे, जिसकी वजह से भीड़ ने उन पर हमला किया.”

दंपति को ज़िंदा जलाने के सवाल पर पुलिस अधिकारी ने कहा, “पुलिस को भी दोनों को ज़िंदा जलाने की जानकारी मिली थी, लेकिन जांच में पता चला है कि गांव के लोगों ने पहले दोनों की हत्या की और फिर शवों को जला दिया. फिलहाल मामले की जांच चल रही है.”

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. हालांकि अभी तक किसी की गिरफ़्तारी नहीं हुई है. राज्य में डायन हत्या के मामलों से निपटने के लिए असम जादू-टोना (निषेध, रोकथाम और संरक्षण) अधिनियम पहले से मौजूद है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट