ताजा खबर

क़ुरान पर 'आपत्तिजनक टिप्पणी' करने वाले बीजेपी विधायक पर एफ़आईआर
31-Dec-2025 10:05 PM
क़ुरान पर 'आपत्तिजनक टिप्पणी' करने वाले बीजेपी विधायक पर एफ़आईआर

-प्रभाकर मणि तिवारी

पश्चिम बंगाल के हरिनघाटा सीट से बीजेपी विधायक असीम सरकार पर अल्पसंख्यकों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में राज्य के कई थानों में एफ़आईआर दर्ज कराई गई है.

वहीं विधायक असीम सरकार ने शुक्रवार रात को नदिया ज़िले के चाकदह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया था.

बीजेपी विधायक पर क़ुरान के बारे में “आपत्तिजनक टिप्पणी” करने का आरोप है.

विधायक के बयान पर विवाद बढ़ने के बाद बीजेपी ने खुद को इससे अलग कर लिया है.

यह टिप्पणी विधायक ने पिछले हफ्ते की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

अब उनके ख़िलाफ़ राज्य के अलग-अलग थानों में एफ़आईआर दर्ज की गई हैं.

बिजली राज्य मंत्री अखरुज्जमां ने रघुनाथगंज थाने में एफ़आईआर दर्ज कराई है.

दक्षिण 24 परगना ज़िले के बासंती थाने में जमात-ए-इस्लामी हिंद ने भी शिकायत दर्ज कराई है.

वहीं टीएमसी विधायक अमीरुल इस्लाम ने अपनी शिकायत में कहा है कि “असीम सरकार ने जानबूझकर इस्लाम को नीचा दिखाने की कोशिश की है.”

जमात-ए-इस्लामी हिंद ने विधायक असीम सरकार की टिप्पणी की निंदा करते हुए इसे असंवैधानिक, अपमानजनक और असंसदीय बताया है.

बीजेपी ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है. बनगांव से पार्टी के सांसद और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने पत्रकारों से कहा, “हम विधायक की टिप्पणी पर कुछ नहीं कहना चाहते. यह उनका निजी बयान है.”

दरअसल, बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के विरोध में उत्तर 24 परगना ज़िले के बेनापोल में एक सभा आयोजित की गई थी. आरोप है कि असीम सरकार ने इसी सभा के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.

उनके बयान के बाद कांग्रेस ने उनके ख़िलाफ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इस पर असीम सरकार ने दलील दी थी कि उनकी टिप्पणी को ग़लत तरीके से सोशल मीडिया पर पेश किया गया है.

राज्य पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट