ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई, 30 दिसंबर। चरोदा रेलवे यार्ड के पार्किंग साइड में मंगलवार की शाम को आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने फौरन दमकल टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंची। 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे आग लगने की खबर विभाग को मिली थी। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। आग रेलवे यार्ड के पार्किंग साइड में लगी थी। जहां मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलने लगी। दमकल कर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोका।
शार्ट सर्किट बताई जा रही वजह
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आग की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन भी अलर्ट हो गया। अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर आसपास की गतिविधियों को सीमित कर दिया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 9 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।


