ताजा खबर

कलेक्टोरेट में दोपहिया चोर सक्रिय, डिक्की से पर्स भी पार कर रहे
08-Nov-2025 7:31 PM
कलेक्टोरेट में दोपहिया चोर सक्रिय, डिक्की से पर्स भी पार कर रहे

छत्तीसगढ़' संवाददाता 
रायपुर, 8 नवंबर ।
  कलेक्टोरेट परिसर  की पहचान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के लिए होती है। उस पर राजधानी में यह  परिसर  पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साथ लगा हुआ है। ऐसे में परिंदा भी पर न मार सकने वाली स्थिति के विपरीत इन दिनों पूरे परिसर में दोपहिया वाहन चोर प्रशासन को ठेंगा दिखा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में क‌ई बाइक, स्कूटी एक्टिवा पर चोरों ने हाथ साफ किया है।न केवल पूरा वाहन कुछ की डिग्गी में से मोबाइल, पर्स नगदी की भी चोरी हो रही है।

कल दोपहर अपर कलेक्टर कार्यालय की  एक महिला स्टेनो विभा नेताम की एक्टिवा नंबर  CGO4 HL 6355 चोरी कर ली गई।  चोर को सीसीटीवी कैमरे में काली माता मंदिर तक जाते देखा गया है। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज करने की औपचारिकता पूरी कर ली है।चोर पिछले माह एडीएम दफ्तर से लगे बैंक के सामने से जिला पंचायत की सेवानिवृत्त महिला,  एक अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारी के  वाहन ले भागे थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास से भी वाहन चोरी होने की शिकायतें  है।  स्टाफ वाहनों की बढ़ती चोरियों पर कलेक्टोरेट के कर्मचारियों ने कलेक्टर से भेट कर वस्तु स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर  ने तुरंत पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया है। 

कर्मचारी नेता एवं अधिवक्ता एवं अधिवक्ता विजय कुमार झा ने बताया कि परिसर में अधिवक्ताओं के वाहनों की भी चोरियां  हुई हैं। कलेक्टर और  पुलिस अधीक्षक में देर शाम तक  पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी वहां आते-जाते रहते हैं। इसके बाद भी चोरों की निगाह वाहनों पर रहती है‌‌।


अन्य पोस्ट