ताजा खबर

शीतकालीन सत्र दोनों भवनों में
08-Nov-2025 4:57 PM
शीतकालीन सत्र दोनों भवनों में

विस सचिवालय की शिफ्टिंग दिसंबर के आखिरी में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 नवंबर। विधानसभा का शीतकालीन सत्र दिसंबर के दूसरे हफ्ते में हो सकता है। सत्र पहले दिन की कार्रवाई पुराने विधानसभा, बाकी दिन की कार्रवाई नए विधानसभा में होने की संभावना है। बताया गया कि सत्र निपटने के बाद दिसंबर के आखिरी हफ्ते में सचिवालय की शिफ्टिंग नए विधानसभा भवन में होगी।

नए विधानसभा भवन का उद्घाटन तो हो गया है, लेकिन विधानसभा की शिफ्टिंग नहीं हो पाई है। बताया गया कि विधानसभा भवन की आंतरिक साज-सज्जा का काम चल रहा है, और पीडब्ल्यूडी ने विधानसभा को हैंडओवर नहीं किया है।

सूत्रों के मुताबिक दिसंबर के पहले पखवाड़े में सारा काम पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बाद शिफ्टिंग भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में हो सकती है।

इससे पहले विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा। विधानसभा के पुराने भवन में पहले दिन की कार्रवाई होगी।  पुराने विधानसभा को औपचारिक विदाई दी जाएगी। इसके बाद की कार्रवाई नए विधानसभा भवन में होगी। कुल मिलाकर विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिनों का हो सकता है।

 

नए भवन की खासियत

सभाकक्ष की सीलिंग पर धान की बालियों की नक्काशी और बस्तर के काष्ठ-शिल्पियों द्वारा निर्मित दरवाज़े-फर्ऩीचर, जिससे ‘धान का कटोरा’ छवि सामने आती है। दो सौ सदस्यों तक बैठने योग्य सभा-कक्ष, पूरी-तरह पेपरलेस ऑपरेशन के लिए हाई-टेक सुविधाएँ, जिससे इसे ‘स्मार्ट विधानसभा’ कहा जा रहा है।

51 एकड़ में फैला, 324 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, तीन मुख्य विंग (ए-सचिवालय, बी-सदन और सेंट्रल हॉल, सी-मंत्रियों के कार्यालय)। सोलर प्लांट, दो वर्षा-जल सरोवर, पूरी-तरह पर्यावरण-अनुकूल निर्माण।

500 सीटर ऑडिटोरियम और 100 सीटर सेंट्रल हॉल, जिससे सार्वजनिक कार्यक्रम और समारोह आसानी से आयोजित हो सकेंगे।


अन्य पोस्ट