ताजा खबर

सौरभ भारद्वाज के 'वोट चोरी' के आरोप पर राकेश सिन्हा बोले- मैं मानहानि का केस करूं?
07-Nov-2025 9:19 AM
सौरभ भारद्वाज के 'वोट चोरी' के आरोप पर राकेश सिन्हा बोले- मैं मानहानि का केस करूं?

बीजेपी के राज्यसभा सांसद प्रोफ़ेसर राकेश सिन्हा ने आम आदमी पार्टी (आप) नेता सौरभ भारद्वाज की ओर से ख़ुद पर लगाए गए 'वोट चोरी' के आरोप का जवाब दिया है.

सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर पोस्ट किया, "भाजपा के राज्यसभा सांसद और सबको संस्कार सिखाने वाली आरएसएस के विचारक राकेश सिन्हा जी ने दिल्ली विधान सभा चुनाव में वोट डाला और आज बिहार चुनाव में भी वोट डाला."

"ये (राकेश सिन्हा) दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में पढ़ाते हैं तो ये बिहार का पता चाह कर भी नहीं दिखा सकते."

सौरभ भारद्वाज ने राकेश सिन्हा के दिल्ली चुनावों में मतदान करने के बाद बिहार में वोट बनवाने और मतदान करने को 'वोट चोरी' कहा.

उनके इस पोस्ट पर राकेश सिन्हा ने जवाब दिया, "मेरा नाम दिल्ली के मतदाता सूची में था. बिहार की राजनीति में सक्रियता के कारण मैंने अपना नाम गांव मनसेर पुर (बेगूसराय) करा लिया. क्या इस आरोप के लिए मैं मानहानि का केस करूं?"

उन्होंने कहा, “मेरा पुश्तैनी घर बिहार के बेगुसराय ज़िले में है, वहां मेरे परिवार के लोग रहते हैं, वह मेरा स्थायी पता है. संसद में भी यही मेरा स्थायी पता दर्ज है.”(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट