ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 नवंबर। कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की टक्कर में घायल हुए यात्रियों से मिलने बुधवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने सिम्स, केंद्रीय रेलवे अस्पताल और अपोलो अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल लिया और उनके परिजनों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
दीपक बैज ने कहा कि हादसे में घायल यात्री रेलवे की गंभीर लापरवाही का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों और उनके परिजनों से मिलकर वे स्वयं अत्यंत व्यथित हैं। “हम सबका मन उनकी पीड़ा से दुखी है, पूरा कांग्रेस परिवार इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़ा है,” उन्होंने कहा।
बैज ने अस्पताल प्रबंधन से घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडेय सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


