ताजा खबर

पति से तलाक दिलाने वाले वकील ने महिला से शादी का झांसा देकर किया रेप
05-Nov-2025 2:03 PM
पति से तलाक दिलाने वाले वकील ने महिला से शादी का झांसा देकर किया रेप

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 5 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक अधिवक्ता पर महिला को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया।   

पुलिस के अनुसार, पीड़िता 26 वर्षीय महिला है, जो अपने पति से विवाद के कारण अदालत में मुकदमे की कार्यवाही में आती-जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान अधिवक्ता पवन अवस्थी (45 वर्ष) से हुई, जो सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह, नंदेश्वर मंदिर के पास का निवासी है।
अदालत में केस के दौरान पवन अवस्थी ने महिला का पक्ष लिया और धीरे-धीरे दोनों के बीच नज़दीकी बढ़ गई। इसी दौरान वकील ने महिला से कहा कि वह अपनी पत्नी से अलग हो रहा है और जल्द ही उससे शादी करेगा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिला को शादी का झूठा आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने उससे शादी करने का दबाव डाला, तो आरोपी ने न सिर्फ इनकार किया बल्कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की।
इस दौरान उसने पीड़िता का मोबाइल फोन तोड़ दिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 2 नवंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
उनके आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्या की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वकील को 3 नवंबर की सुबह गिरफ्तार कर लिया।
पवन अवस्थी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 296, 115(2), 351(2), 324(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट