ताजा खबर

डाक टिकट सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं, हमारी संस्कृति का आईना है- तोखन साहू
01-Nov-2025 2:24 PM
डाक टिकट सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं, हमारी संस्कृति का आईना है- तोखन साहू

भक्त माता कर्मा पर विशेष आवरण का विमोचन, बिलासपुर में शुरू हुई ‘बिलासापेक्स-2025’ डाक प्रदर्शनी

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 1 नवंबर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने शुक्रवार को डाक विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय डाक प्रदर्शनी बिलासापेक्स-2025 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भक्त माता कर्मा जी पर आधारित विशेष आवरण (स्पेशल कवर) का विमोचन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डाक टिकट केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, सभ्यता और विरासत का प्रतीक है।

साहू ने कहा कि माता कर्मा का जीवन करुणा, समानता और भक्ति की मिसाल है। उन्होंने सामाजिक बंधनों को तोड़कर प्रेम और एकता का संदेश दिया। डाक विभाग द्वारा यह विशेष आवरण जारी करना समाज में समरसता और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग अब सिर्फ पत्रवाहक नहीं, बल्कि संस्कृति और आस्था के सच्चे संदेशवाहक बन चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री ने डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और पोस्ट ऑफिस सेविंग्स स्कीम की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुँचना चाहिए। कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

प्रदर्शनी में कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, डाक सेवाएं निदेशक दिनेश मिस्त्री सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान स्कूल और कॉलेजों के छात्रों ने टिकट प्रदर्शनी से देश-दुनिया की जानकारी हासिल की और क्विज व ड्रॉइंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया।


अन्य पोस्ट