ताजा खबर

सरेण्डर करने वाले अपने नेता पर बरसे नक्सली, कहा-संघर्ष जारी..
30-Oct-2025 1:29 PM
सरेण्डर करने वाले अपने नेता पर बरसे नक्सली, कहा-संघर्ष जारी..

नक्सल संगठन का पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/जगदलपुर, 30 अक्टूबर।
नक्सलियों के बड़े नेताओं के लगातार सरेण्डर करने, और सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बीच एक पत्र जारी हुआ है। नक्सल संगठन के ओडिशा राज्य कमिटी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है, और सरेण्डर करने वाले नेता के बयान का विरोध किया है। यह भी कहा है कि  दीर्घकालीन जनयुद्ध के पथ पर आगे बढऩा हमारा रूख है।  

कमिटी के प्रतिनिधि गणेश के हवाले से पत्र जारी हुआ है। इस पत्र की वास्तविकता की पुष्टि नहीं हो पाई है। मगर इस पत्र में कहा गया कि  केंद्रीय कमिटी सदस्य, तेलंगाना राज्य कमिटी सचिव, कॉमरेड चंद्रन्ना ने 28 अक्टूबर को तेलंगाना में हैदराबाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। लाल सलाम करते हुए उन्होंने कहा मैं भविष्य में क्रांति के लिए जनता के बीच काम करूंगा, यह उनकी लोगों को धोखा देने का एक मुखौटा मात्र है। उन्हें आत्मसमर्पण करने और खुद को क्रांतिकारी कहने का कोई अधिकार नहीं है।

पत्र में आगे कहा गया कि कामरेड चंद्रन्ना यह भी कहा, कॉमरेड देवजी को महासचिव चुना गया है। यह पूरी तरह से झूठ है। हमारी पार्टी के महासचिव कॉमरेड बसवराज के शहादत के बाद, केंद्रीय कमिटी की कोई बैठक नहीं हुई। वर्तमान स्थिति में, केंद्र सरकार ऑपरेशन कगार के नाम पर गंभीर हमले कर रही है। केंद्रीय कमेटी की बैठक आयोजित करने के लिए कोई परिस्थितियां नहीं हैं।

 

 

 

नक्सल प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय क्रांतिकारी आंदोलन ने दीर्घकालीन जनयुद्ध में कई कठिनाइयों का सामना किया है। आंदोलन के दौरान उच्च स्तर पर पहुंच गया था। यह अभी एक अस्थायी कठिन स्थिति का सामना कर रहा है। माओवादी पार्टी इन कठिन समयों पर काबू पा रही है और आगे बढ़ रही है। देश के जनता सामना करनेवाले बेरोजगारी, सामाजिक-आर्थिक असमानताओं जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान दिखाने में विफल होने वाले सरकार और संवैधानिक तंत्र शोषण के उपकरण के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसलिए, लोग उग्र संघर्ष और सशस्त्र विद्रोह का रास्ता चुनने के परिस्थितियां मौजूद हैं। अंतिम विजय जनता की होती है यह ऐतिहासिक सच है। पिछले दो वर्षों से हमारी पार्टी को हुए गंभीर भौतिक नुकसान से उबरने के लिए, आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए हमारे प्रयास जारी रहेंगे। 
 


अन्य पोस्ट