ताजा खबर

लोरमी में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया भव्य मानस मंच का लोकार्पण, 123 करोड़ की विकास योजनाओं का भूमिपूजन
30-Oct-2025 12:14 PM
लोरमी में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया भव्य मानस मंच का लोकार्पण, 123 करोड़ की विकास योजनाओं का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मुंगेली, 30 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री और लोरमी विधायक अरुण साव ने बुधवार को लोरमी के मानस मंच के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 123 करोड़ रुपए की लागत से बनी सड़कों और अन्य विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसके तहत पांच सड़कों का निर्माण कार्य, सार्वजनिक स्थलों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का लोकार्पण, एक नई सड़क का भूमिपूजन और स्थानीय निजी अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन का समर्पण किया गया।

कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए साव ने कहा कि मानस मंच लोरमी की आस्था, श्रद्धा और भक्ति का केंद्र है। वर्ष 1982 में स्थापित यह मंच 45 वर्षों से रामकथा का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि दीवारों पर अंकित रामचरितमानस की चौपाइयां धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के प्रसार का प्रतीक हैं। जब लोग इन्हें पढ़ेंगे और अपने जीवन में अपनाएंगे, तो समाज में सदाचार और शांति का वातावरण बनेगा।

साव ने मंच पर मौजूद वरिष्ठजनों को बेर से बनी भगवान राम की प्रतिमा भेंट की और आगामी 2 नवंबर से शुरू होने वाली रामकथा में शामिल होने का आमंत्रण दिया। कथा का वाचन चिन्मयानंद बाबू द्वारा किया जाएगा, जिसका समापन 10 नवंबर को होगा।

कार्यक्रम में नगरवासियों ने दीप जलाकर अयोध्या की झलक पेश की। मानस मंच की दीवारों पर राम जन्म से लेकर राजतिलक तक के प्रसंगों का सुंदर चित्रण किया गया है, जिसे देखने में घंटों लगते हैं।

जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य एक करोड़ 71 लाख रुपए में पूरा किया गया है। वहीं 45 लाख 47 हजार रुपए की लागत से चौक-चौराहों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा कुल 123 करोड़ रुपए की लागत से लोरमी-पंडरिया फोरलेन मार्ग, मुंगेली-लोरमी मार्ग सहित कई सड़कों का निर्माण और लोकार्पण किया गया।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, पूर्व विधायक ठाकुर भूपेंद्र सिंह, सच्चिदानंद तिवारी, विवेक गिरी महाराज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट